सोन नदी में बढ़ा जलस्तर, पानी में डूबीं 150 साल पुरानी बजरंगबली और मां दुर्गा की प्रतिमाएं

चुरहट। सीधी जिले के चुरहट क्षेत्र से होकर बहने वाली सोन नदी में एक बार फिर जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी के बीच करीब 150 वर्षों से स्थापित भगवान बजरंगबली और मां दुर्गा की प्राचीन प्रतिमाएं बढ़ते जलस्तर के कारण लगभग पूरी तरह पानी में समा गई हैं। वर्तमान में दोनों प्रतिमाओं का केवल छोटा सा हिस्सा ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार सामान्य दिनों में प्रतिमाओं के आसपास नदी का पानी घुटनों तक ही रहता था। ऐसे में श्रद्धालु नदी के बीच तक पहुंचकर भगवान बजरंगबली और मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लंबे समय से यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे से सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हुआ। कुछ ही समय में पानी प्रतिमाओं के आसपास भर गया और देखते ही देखते दोनों प्राचीन प्रतिमाएं लगभग पूरी तरह जलमग्न हो गईं। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण श्रद्धालुओं का प्रतिमाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

पुल से ही दर्शन कर रहे श्रद्धालु
नदी में बढ़े जलस्तर के चलते श्रद्धालु अब नदी में उतरकर प्रतिमाओं के दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। लोग पुल के ऊपर खड़े होकर ही जलमग्न प्रतिमाओं के दर्शन कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी सुभाष पांडे ने बताया कि वे चुरहट क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से यहां दर्शन के लिए आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से फिलहाल प्रतिमाओं तक पहुंचना संभव नहीं है। श्रद्धालु पुल के ऊपर से ही भगवान के दर्शन कर रहे हैं।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
सोन नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए चुरहट तहसीलदार सुषमा रावत ने लोगों से नदी और उसके आसपास जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने चेताया है कि तेज बहाव के बीच नदी में उतरना अथवा नदी के किनारे जाने का प्रयास करना जानलेवा हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी का जलस्तर कम होने तक किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
