बिस्तर पर सो रही पांच वर्षीय बच्ची को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

सीधी जिले सेमरिया के थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदिया में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में सांप के डसने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार करौंदिया निवासी जयप्रकाश गुप्ता की पांच वर्षीय बेटी दीपांजलि गुप्ता बुधवार रात करीब 9 बजे अपने बिस्तर पर सो रही थी। इसी दौरान अचानक बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन उसके पास पहुंचे। बच्ची के पैर में सांप के काटने के निशान दिखाई देने पर परिजन घबरा गए और तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की।
परिजनों के अनुसार अस्पताल पहुंचाने से पहले उन्होंने सांप के काटने वाली जगह पर चीरा लगा दिया था। इसके बाद बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बच्ची की मौत हो गई।
डॉक्टर ने बताया—पहले से लगा था चीरा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया के चिकित्सक डॉ. संजय पटेल ने बताया कि बच्ची को सांप के काटने के बाद अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचते ही उसका उपचार शुरू कर दिया गया था। काटे गए स्थान पर परिजनों द्वारा पहले ही चीरा लगाया गया था। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी। शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
सांप के काटने पर घरेलू उपचार से बचें
चिकित्सकों के अनुसार सांप के काटने की स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना चाहिए। काटे गए स्थान पर स्वयं चीरा लगाना, खून निकालना या किसी तरह का घरेलू उपचार करना नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे मामलों में समय पर चिकित्सकीय उपचार और आवश्यक एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण होता है।
