सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर में अनियंत्रत बोलेरो खाई मे गिरी, चालक गंभीर रूप से घायल

रामपुर नैकिन। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट लगने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो रामपुर नैकिन से सीधी की ओर जा रही थी। रायखोर के समीप अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शी सचिन मिश्रा के अनुसार बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक ब्रेक फेल होने के बाद वाहन सड़क पर बेकाबू होकर इधर-उधर दौड़ने लगा और कुछ ही देर में सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला। इसके बाद सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया।

घायल ने पीले रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी है। सिर में गंभीर चोट होने के कारण वह अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस द्वारा घायल की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को खाई से बाहर निकालने के लिए अंशिका क्रेन सर्विस की मदद ली गई। क्रेन की सहायता से वाहन को बाहर निकालकर रामपुर नैकिन थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल को उपचार के लिए रीवा भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही घायल की पहचान करने के प्रयास कर रही है।
