दो दिन से खराब पड़ी कंप्लेंट गाड़ी, कंधे पर सीढ़ी और उपकरण लेकर पैदल पहुंच रहे बिजलीकर्मी
टाउन-1 क्षेत्र में 5 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन, फॉल्ट सुधारने में हो रही देरी से उपभोक्ता परेशान

सीधी। बिजली कंपनी के शहरी क्षेत्र टाउन-1 में इन दिनों बिजली व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं की परेशानी भी बढ़ गई है। बिजली केंद्र के अंतर्गत 10 हजार से अधिक की आबादी और करीब 5 हजार बिजली कनेक्शन हैं। इन उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण और फॉल्ट सुधारने के लिए विभाग के पास एकमात्र कंप्लेंट वाहन है, जो पिछले दो दिनों से खराब पड़ा है। वाहन के खराब होने से बिजलीकर्मियों को फॉल्ट वाले स्थानों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण कर्मचारी सीढ़ी और बिजली सुधारने के भारी उपकरण कंधे पर रखकर पैदल ही मौके तक पहुंच रहे हैं। गुरुवार शाम करीब 4 बजे भी बिजलीकर्मी इसी तरह भारी सामान लेकर पैदल जाते हुए नजर आए। वाहन खराब होने का सीधा असर फॉल्ट सुधारने की गति पर पड़ रहा है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली बहाल होने के लिए अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
इंजन खराब होने से खड़ी है गाड़ी
जानकारी के अनुसार, कंप्लेंट वाहन का इंजन खराब हो गया है। बताया जा रहा है कि इंजन की मरम्मत का काम करीब चार घंटे में पूरा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से वाहन की मरम्मत कराने में देरी की जा रही है। विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक ठेकेदार को कई बार वाहन खराब होने की सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक गाड़ी को दुरुस्त नहीं कराया गया है।

भुगतान में देरी का ठेकेदार ने बताया कारण
ठेकेदार के कर्मचारी सुखेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से भुगतान काफी देर से प्राप्त होता है। ऐसी स्थिति में वाहन की मरम्मत सहित अन्य खर्चों के लिए उन्हें अपनी जेब से राशि खर्च करनी पड़ती है। इसी कारण वाहन की मरम्मत कराने में परेशानी आ रही है।
भारी उपकरण लेकर पैदल पहुंच रहे कर्मचारी
जूनियर इंजीनियर शिव उजागर मिश्रा ने बताया कि कंप्लेंट गाड़ी दो दिनों से खराब है। वाहन के खराब होने से शिकायतों के निराकरण का काम प्रभावित हुआ है। कर्मचारियों को भारी उपकरण और सीढ़ी लेकर पैदल ही उपभोक्ताओं तक पहुंचकर फॉल्ट सुधारना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही है। ठेकेदार को कई बार वाहन ठीक कराने के लिए सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक गाड़ी दुरुस्त नहीं हो सकी है।

