सीधी के मुनगहा में सड़क किनारे मिली 30-35 वर्षीय अज्ञात युवक की लाश, इलाके में मचा हड़कंप,ग्रामीण की सूचना पर पहुंची डायल 112 और मझौली पुलिस, मृतक की पहचान के लिए गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलाए जा रहे फोटो

सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुनगहा माटा पंचायत में रविवार दोपहर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद मझौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क के किनारे नीचे की तरफ एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी रामकुमार बैगा की नजर उस पर पड़ी। पास जाकर देखने पर व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कपड़ों के आधार पर पहचान की कोशिश
मृतक के हुलिए के अनुसार, उसके बाल काले हैं और हल्की मूंछें हैं। उसने हल्के लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर ‘DIKE FIT HUNKY 85’ का टैग लगा हुआ है। इसके अलावा उसने ग्रे रंग की बनियान, स्लेटी-काले रंग का लोअर और मैरून रंग की अंडरवियर पहन रखी थी, जिस पर ‘ANIK’ नाम का टैग लगा है। पुलिस इन्हीं शारीरिक विशेषताओं और कपड़ों के विवरण के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलाए जा रहे फोटो
मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों में उपलब्ध फोटो से मृतक के चेहरे का मिलान कराया जा रहा है, ताकि उसकी पहचान हो सके।
थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
