घरेलू विवाद में पत्नी को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप,मायके से लौटने के बाद हुआ विवाद, गंभीर रूप से झुलसी महिला रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत महखोर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर आग बुझाई और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना में पति का हाथ भी जलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महखोर गांव की महिला अपने मायके से लौटकर घर आई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जा रहा है कि महिला के चेहरे पर आग का असर नहीं हुआ, जबकि कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है।
घटना के दौरान परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और महिला को तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस घटना में पति का हाथ भी जलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विवाद के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने पर मड़वास थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और विवाद के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
