जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़, लाखों के नुकसान की आशंका,देर रात ढाई से तीन बजे के बीच वारदात की आशंका, कुछ सामग्री चोरी होने की भी चर्चा; बंद सीसीटीवी कैमरों ने बढ़ाई पुलिस की चुनौत
सीधी। जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएट में देर रात अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। ऑपरेशन थिएटर में रखी सामग्री को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे अस्पताल को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। वहीं, कुछ सामग्री चोरी होने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात लोग जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचे और वहां रखी सामग्री में तोड़फोड़ की। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने इसकी सूचना प्रबंधन को दी। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. दीपा इसरानी ने कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
बंद सीसीटीवी कैमरों ने बढ़ाई परेशानी
इस घटना में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे पहले से बंद थे। ऐसे में ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचकर तोड़फोड़ करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी कैमरों का बंद होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक की आशंका पैदा करता है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. दीपा इसरानी ने बताया कि अस्पताल के कैमरे पहले चालू थे। कैमरे किस वजह से बंद हुए, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जांच के बाद सामने आएगी नुकसान और चोरी की स्थिति
फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ऑपरेशन थिएटर में कितनी सामग्री क्षतिग्रस्त हुई है और क्या-क्या सामान गायब है, इसका आकलन किया जाना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारणों की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
