गांधी जयंती पर गांधीवादी करुणा प्रसाद मिश्रा ने किया महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण

सीधी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी एवं वरिष्ठ गांधीवादी करुणा प्रसाद मिश्रा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। करीब नौ दशक की उम्र पार कर चुके करुणा प्रसाद मिश्रा लंबे समय से गांधीवादी विचारधारा और कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी वे राहुल गांधी के साथ पदयात्रा करते हुए चर्चा में आए थे।
करुणा प्रसाद मिश्रा का संबंध सीधी के चुरहट क्षेत्र से है। बताया जाता है कि उनके पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह के परिवार से पारिवारिक संबंध रहे हैं और वे अर्जुन सिंह के करीबी लोगों में भी गिने जाते रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी उन्हें सम्मान देते रहे हैं।
गांधी, नेहरू और विनोबा के साथ यात्रा का दावा

करुणा प्रसाद मिश्रा समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए, जब उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उम्र की परवाह किए बिना पैदल हिस्सा लिया। हाथ में तिरंगा और कंधे पर झोला लेकर वे यात्रा में आगे बढ़ते दिखाई दिए। उस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने पुराने पदयात्रा अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा था कि उन्हें पैदल चलने की आदत है। उन्होंने दावा किया था कि वे जबलपुर से इलाहाबाद तक महात्मा गांधी के साथ पैदल चले थे तथा जवाहरलाल नेहरू और विनोबा भावे के साथ भी रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनकी उम्र 88 वर्ष बताई गई थी। यात्रा में उनकी सक्रिय भागीदारी के चलते वे मीडिया और सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे। राहुल गांधी ने भी यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी और उन्हें शॉल ओढ़ाया था।
राहुल गांधी ने दिल्ली में रुकवाया था काफिला

अगस्त 2025 में करुणा प्रसाद मिश्रा एक बार फिर उस समय सुर्खियों में आए, जब बिहार में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू होने से पहले दिल्ली में राहुल गांधी ने उनका इशारा देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे मुलाकात की। मिश्रा ने मीडिया को बताया था कि वे सीधी जिले की चुरहट विधानसभा के मतदाता हैं और राहुल गांधी से उनका पुराना संबंध है। बातचीत में बिहार यात्रा में उनके शामिल होने को लेकर भी चर्चा हुई थी। राहुल गांधी ने उनके बिहार पहुंचने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था।
93 वर्ष की उम्र में भी सक्रिय

करुणा प्रसाद मिश्रा की उम्र अब 93 वर्ष बताई जा रही है। इसके बावजूद गांधीवादी विचारों के प्रति उनकी सक्रियता बनी हुई है। वर्ष 2025 में वे पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी पहुंचे थे। उस समय मीडिया रिपोर्टों में उनकी उम्र 92 वर्ष बताई गई थी। गांधी टोपी, धोती और गमछे में पहुंचे मिश्रा ने पटना को महात्मा गांधी की कर्मभूमि बताते हुए अपनी बात रखी थी।
गांधी जयंती पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान करुणा प्रसाद मिश्रा ने गांधी के विचारों और उनके बताए रास्ते को याद किया। करीब नौ दशक के जीवन में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े अपने अनुभवों और गांधीवादी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वे सीधी के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक अलग पहचान रखते हैं।
