सीधी में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग,पुतला दहन कर चुनाव आयोग के खिलाफ की नारेबाजी, कलेक्ट्रेट में तैनात रहा पुलिस बल

सीधी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पुतला दहन दोपहर करीब 1:40 बजे किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और इसकी वजह से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताया।

भाजपा के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सरकारी तंत्र का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
SIR और मतदाता सूची को लेकर विरोध
कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के पीछे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को प्रमुख मुद्दा बताया गया। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और नाम हटाने की प्रक्रिया में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरती गई तथा पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में किए गए बदलावों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें इसकी सूचना देने और अपील का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाएं कानून के अनुरूप संचालित की जाती हैं। आयोग की ओर से मतदाता सूची से जुड़े मामलों की समीक्षा और सॉफ्टवेयर की जांच जैसे कदम उठाए गए हैं।
प्रदर्शन को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जमोड़ी और कोतवाली थाना पुलिस का बल कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात रहा। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शन की सूचना पुलिस को पहले से थी, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
