छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर फायरिंग, NDPS आरोपी को छुड़ाकर ले गए बदमाश,चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे आरोपी, पुलिस टीम में आठ जवान; तीन राउंड फायरिंग और बेसबॉल बैट से हमले की बात
सीधी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस की टीम पर कथित रूप से बदमाशों ने हमला कर NDPS मामले के एक आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस टीम में कुल आठ जवान शामिल थे। टीम जब छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने कथित रूप से पुलिस वाहन को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार फायरिंग की। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों पर बेसबॉल बैट से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है। हमले के बाद बदमाश पुलिस के कब्जे से आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम के पास AK-47, पिस्टल सहित अन्य हथियार होने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद बदमाश आरोपी को छुड़ाकर ले जाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों की पुलिस को तत्काल रवाना कर क्षेत्र में नाकाबंदी और तलाश अभियान शुरू कराया गया।
ओडिशा पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार गोलियां चलाईं और इसके बाद आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। हालांकि, फायरिंग और मारपीट की घटना के बावजूद फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
मैहर की ओर भागने की सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के बाद बदमाश चार वाहनों में सवार होकर मैहर जिले की ओर रवाना हुए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की तलाश करने के साथ ही संदिग्धों की पहचान में जुटी है। छुहिया घाटी और आसपास के मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बदमाशों की संख्या, उनके पास मौजूद हथियार और आरोपी को छुड़ाने की पूर्व योजना थी या नहीं, इस संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
