नाबालिग को दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा, आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजा

सीधी। थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग के अपहरण से जुड़े मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग को दस्तयाब कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 नवंबर 2025 को परिवार के सदस्य धान गहाने के लिए बाहर गए थे। वापस लौटने पर नाबालिग बहन घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र, गांव और रिश्तेदारियों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत पर थाना कोतवाली में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को दस्तयाब कर लिया और आवश्यक प्रक्रिया के बाद उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रीति, सहायक उप निरीक्षक राज कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक आनंद एवं आरक्षक सोनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
