राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में सीधी के 37 मुक्केबाज दिखाएंगे दम,भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में होगी प्रतियोगिता, सूरज शुक्ला व आदर्श द्विवेदी के नेतृत्व में रवाना होगी टीम

सीधी। भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में 26 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली शालेय राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सीधी जिले के 37 मुक्केबाज अपने मुक्को का दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में रीवा संभाग की बॉक्सिंग टीम की ओर से सीधी जिला बॉक्सिंग संघ एवं महाराणा प्रताप बॉक्सिंग एकेडमी, छत्रसाल स्टेडियम सीधी के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों का नेतृत्व एकेडमी के मुख्य कोच सूरज शुक्ला एवं सहायक कोच आदर्श द्विवेदी करेंगे।
सीधी जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव राजकुमार गुप्ता ने बताया कि महाराणा प्रताप बॉक्सिंग एकेडमी सीधी में कई वर्षों से बॉक्सिंग प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त सैकड़ों खिलाड़ी स्कूल खेल एवं ओपन खेल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। वहीं एक दर्जन से अधिक मुक्केबाज राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भी सीधी जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और पदक हासिल कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि एकेडमी का उद्देश्य सीधी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देना है, ताकि खिलाड़ी बॉक्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इसके साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करने और सीधी जिले का नाम प्रदेश, देश एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
नियमित अभ्यास से तैयार हुए खिलाड़ी
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले मुक्केबाजों को एकेडमी के मुख्य कोच सूरज शुक्ला एवं सहायक कोच आदर्श द्विवेदी द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया गया है। खिलाड़ियों को प्रतिदिन बॉक्सिंग का अभ्यास कराने के साथ खेल की तकनीक, पंचिंग, फुटवर्क, डिफेंस और मुकाबले की रणनीतियों की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया।
ये मुक्केबाज होंगे शामिल
बालक वर्ग में 14 वर्ष आयु वर्ग: अनुज साहू, स्वास्तिक सिंह, संगम रजक, अंश गोस्वामी, ओम तिवारी एवं आयुष पटेल।
17 वर्ष आयु वर्ग: दिव्यांशु यादव, आदित्य सिंह, प्रवीण साहू, रुद्र तिवारी, सिद्धार्थ सिंह, अर्जुन खत्री, आकाश सिंह, पियूष सिंह, ऋषभ सिंह एवं अनिरुद्ध सिंह।
19 वर्ष आयु वर्ग: दीपक पाल, राज साहू, शिवम सिंह, हर्ष मिश्रा, अनिकेत सिंह, शिवेश अग्रहरी एवं तनमय सिंह।
बालिका वर्ग में 17 वर्ष आयु वर्ग: अनामिका सिंह, आकांक्षा साकेत, मेनिका कोरी, काजल सिंह, नेहा साहू, इंशा चतुर्वेदी, कशिश सिंह एवं तनु सिंह।
19 वर्ष आयु वर्ग: अनामिका सिंह, अशिका सिंह, आशा प्रजापति, पलक द्विवेदी, आशी तिवारी एवं वैशाली सिंह प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
खिलाड़ियों को मिली शुभकामनाएं
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों एवं कोचिंग टीम को सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह, जिला क्रीड़ा प्रभारी हरिशंकर पांडेय, ब्लॉक क्रीड़ा अधिकारी दिलीप वर्मा, विश्वबंधुधर दुबेदी, रवि केशरी, खेल प्रशिक्षक कैलाश वर्मा, डॉ. रामाश्रय पाल, आनंद सिंह गहरवार, ज्ञानेंद्र सिंह, विनोद कुशवाहा, अनिल कुमार विश्वकर्मा, सहायक कोच सत्यम शुक्ला, पीयूष पटेल सहित अन्य खेलप्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
प्रतियोगिता में सीधी के मुक्केबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। खिलाड़ियों के चयन से एकेडमी एवं सीधी जिला बॉक्सिंग संघ में भी उत्साह का माहौल है।
