बहरी बाईपास पर बेकाबू हुआ एक्सप्लोसिव वाहन, खाई में गिरा; चालक घायल
वाहन खाली होने से टला बड़ा हादसा, सड़क के गड्ढों को लेकर लोगों ने जताई चिंता

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक एक्सप्लोसिव वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल चालक की पहचान ग्राम बारी निवासी नरेंद्र प्रसाद तिवारी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अडानी ग्रुप के लिए वाहन चलाता है। स्थानीय निवासी संतोष पाठक के अनुसार, बहरी बाईपास मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। शनिवार दोपहर वाहन इसी मार्ग से गुजर रहा था, तभी सामने से अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
खाली था एक्सप्लोसिव वाहन, टला बड़ा हादसा
हादसे में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि दुर्घटना के समय एक्सप्लोसिव वाहन में कोई विस्फोटक सामग्री मौजूद नहीं थी। यदि वाहन में विस्फोटक सामग्री होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था और बड़े नुकसान की आशंका बन सकती थी।

बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि दुर्घटना के समय वाहन पूरी तरह खाली था और उसमें किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं थी। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
खराब सड़क को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बहरी बाईपास की बदहाल सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को दुरुस्त कराने की मांग की है।
