मधुगांव में जंगली हाथियों का झुंड पहुंचा, धान की फसल रौंदी,कई किसानों की फसल, बाड़ी और बाउंड्री को नुकसान; वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुगांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथियों ने खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंद दिया। झुंड के गुजरने वाले रास्ते में आने वाले कई किसानों के खेतों में फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कुछ किसानों की बाड़ी और बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड अचानक खेतों में पहुंचा और धान की फसल को पैरों तले कुचलना शुरू कर दिया। वर्तमान में धान की फसल में बालियां आने लगी थीं और किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे थे। ऐसे समय हाथियों के पहुंचने से किसानों को फसल नुकसान का सामना करना पड़ा है।

ग्रामीण सूर्यभान साकेत ने बताया कि उनके खेत के साथ रामबहादुर प्रजापति सहित करीब 10 अन्य किसानों के खेतों में लगी धान की फसल भी हाथियों ने रौंद दी। उन्होंने बताया कि फसल में बालियां आने के समय हाथियों के पहुंचने से काफी नुकसान हुआ है। खेतों के अलावा बाड़ी और बाउंड्री को भी क्षति पहुंची है।

वन विभाग ने संभाला मोर्चा

हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी शुरू कर दी। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
डिप्टी रेंजर राजेंद्र यादव ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों की लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। टीम हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर पहाड़ी की ओर भेजने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाथियों के कारण कुछ किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद फसल एवं अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील कर रही है।
