खड्डी में कुएं से 21 वर्षीय महिला का शव बरामद, शादी के चार माह बाद मौत से मचा हड़कंप
पति से विवाद की बात सामने आई, मायके पक्ष के रिश्तेदार के घर रह रही थी महिला; आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच
सीधी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की खड्डी चौकी अंतर्गत ग्राम चकडौर में शनिवार को एक कुएं से 21 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान हिना पनिका (21) के रूप में हुई है। बताया गया है कि हिना की शादी करीब चार माह पहले बाणसागर निवासी कमल पनिका के साथ हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार विवाद के चलते हिना कुछ समय से अपने मामा दिनेश पनिका के घर रह रही थी।
सुबह घर से गायब मिली महिला
मृतका के मामा दिनेश पनिका के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो हिना घर में नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। करीब 11 बजे परिवार के लोग पानी भरने के लिए कुएं की ओर गए, जहां कुएं में हिना का शव तैरता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पति पर परेशान करने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हिना का पति उसे फोन पर गाली-गलौज करता था और कथित रूप से परेशान करता था। परिवार का यह भी कहना है कि पति कभी-कभी यहां आकर हिना से विवाद करता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस द्वारा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
आत्महत्या या हत्या, जांच जारी
खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला की मौत आत्महत्या है या हत्या, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
