मुक्तिधाम को बनाया जाएगा सर्वसुविधायुक्त और आदर्श स्थल
सीधी। शहर के मुक्तिधाम को अब सर्वसुविधायुक्त और आदर्श स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। रविवार को कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रशासनिक टीम के साथ मुक्तिधाम का निरीक्षण किया और इसके रेनोवेशन एवं सौंदर्यीकरण की योजना पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सीएमओ मसूद अख्तर भी मौजूद रहे।
मुक्तिधाम परिसर में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक छोटा पार्क विकसित किया जाएगा। पार्क में फूलों के साथ सुगंधित पौधे लगाए जाएंगे। परिसर में पेवर ब्लॉक बिछाने के साथ बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। लोगों को धूप और बारिश से बचाने के लिए तीन शेड भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में आधुनिक वॉशरूम का निर्माण भी प्रस्तावित है।
परिसर में ही उपलब्ध होगी दाह संस्कार की लकड़ी
अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को दाह संस्कार की लकड़ी के लिए बाहर भटकना न पड़े, इसके लिए मुक्तिधाम परिसर में ही लकड़ी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका द्वारा इसके लिए एक मैनेजर की नियुक्ति की जाएगी, जो लकड़ी की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की देखरेख करेगा।
जनसहयोग से होगा विकास
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि मुक्तिधाम के विकास कार्य में प्रशासन के साथ जनसहयोग भी लिया जाएगा। शहर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन एवं अन्य लोग इस कार्य में सहयोग करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य मुक्तिधाम को ऐसा व्यवस्थित और सुविधायुक्त स्थल बनाना है, जहां अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
