थाने से चंद कदम दूर पेट्रोल पंप पर दबंगई! कर्मचारियों से मारपीट, वीडियो वायरल

सीधी। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे थाना से कुछ दूरी पर स्थित महाकाल पेट्रोल पंप में कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर किसी बात को लेकर मामूली विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों से करीब छह लोग पेट्रोल पंप पहुंचे। विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवकों द्वारा पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में दो युवक एक कर्मचारी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास कुछ लोग खड़े नजर आ रहे हैं।
मारपीट में घायल बताए जा रहे पेट्रोल पंप कर्मचारी की पहचान विनीत जायसवाल के रूप में हुई है। वहीं, मारपीट करने वालों में चंदन बहेलिया, आदर्श बहेलिया और गेंद राज बहेलिया के नाम सामने आए हैं। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था और मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाया गया, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। खास बात यह है कि घटना सेमरिया थाना क्षेत्र में थाना से कुछ दूरी पर हुई बताई जा रही है, जिसके चलते पुलिस की मौजूदगी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि मारपीट किस वजह से हुई, इसकी फिलहाल जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। दोनों पक्षों की पहचान कर ली गई है। थाना प्रभारी के अनुसार, आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
