लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका सिंगरौली से दस्तयाब, सेमरिया पुलिस ने परिजनों को सौंपा

सीधी। सेमरिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सिंगरौली जिले से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से बालिका के परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को सेमरिया थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना पुलिस को दी थी। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारियों में काफी तलाश किए जाने के बावजूद बालिका का पता नहीं चल सका। इसके बाद सेमरिया थाने में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सेमरिया उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर लगातार सुराग जुटाए।
विवेचना के दौरान 11 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने बालिका को सिंगरौली जिले के थाना मोरवा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 के दस बदिया मोहल्ले से सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता और लगातार किए गए प्रयासों से नाबालिग बालिका की सकुशल बरामदगी संभव हुई।
