अतिवृष्टि से बर्बाद फसल और गिरे मकानों का मुआवजा दिलाने किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,किसान एकता संघ के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद पांडे के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंचे किसान, समय-सीमा में सर्वे कराने की मांग
सीधी जिले में लगातार हुई भारी बारिश के कारण किसानों की फसलें बर्बाद होने के साथ कई ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग को लेकर किसान एकता संघ के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद पांडे के नेतृत्व में किसानों ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर विकास मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके और पात्र किसानों को शासन के नियमानुसार उचित मुआवजा मिल सके। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। वहीं बारिश और जलभराव के कारण कई ग्रामीणों के मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ लोगों के घर गिरने की स्थिति तक पहुंच गए हैं।
किसान एकता संघ के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद पांडे ने कहा कि किसानों ने बड़ी मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन अतिवृष्टि ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। ऐसे में प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और नुकसान के आधार पर किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी मांग रखी कि जिन ग्रामीणों के मकान पूरी तरह गिर गए हैं या रहने योग्य नहीं बचे हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर आवास का लाभ दिया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को बारिश के बाद खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।
गौरतलब है कि पिछले दिनों सीधी जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए थे। इससे खेतों में पानी भरने के साथ ग्रामीण इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
ज्ञापन लेने के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है और पटवारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर तत्काल सर्वे करने के लिए सूचना दी गई है। सर्वे के बाद जिन लोगों को बारिश से नुकसान हुआ है, उन्हें शासन के नियमानुसार उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वे प्रक्रिया जल्द पूरी कर प्रभावित परिवारों को राहत राशि और आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
