महाराजा पब्लिक स्कूल बेला में CBSE वेस्ट जोन बॉक्सिंग टूर्नामेंट का भव्य, शुभारंभराजस्थान, गुजरात सहित मध्यप्रदेश के स्कूलों के मुक्केबाज ले रहे हिस्सा

रीवा। महाराजा पब्लिक स्कूल बेला में शनिवार को CBSE वेस्ट जोन बॉक्सिंग टूर्नामेंट (बालक वर्ग) 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 सितंबर तक किया जा रहा है। इसमें राजस्थान और गुजरात सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभावान मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सतना सांसद गणेश सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल को ऊर्जा, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ खेलें, ताकि प्रतियोगिता में स्वस्थ एवं स्वच्छ खेल का वातावरण बना रहे। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त आधार है।
मुख्य अतिथि ने बॉक्सिंग रिंग में पहुंचकर प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विधिवत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश बॉक्सिंग संघ के टेक्निकल डायरेक्टर वीरेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में नियुक्त बॉक्सिंग के कुशल तकनीकी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निभाई जा रही है। प्रतियोगिता में भोपाल, सतना और सीधी सहित विभिन्न स्थानों से तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन देवेंद्र सिंह, डायरेक्टर आनंद सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अधिकारी, पदाधिकारी, प्रशिक्षक और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
