करौंदी में घर के अंदर फांसी पर लटका मिला महिला का शव,बेटियों ने दरवाजा खोला तो मां को फंदे पर देखा, पुलिस और मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर की जांच

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदी में शनिवार सुबह एक महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सोनू साहू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर बहरी थाना पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार सोनू साहू अपने पति रामकुमार साहू और दो बेटियों के साथ रहती थी। उसका पति दूसरे प्रदेश में नौकरी करता है। शनिवार सुबह बेटियों ने घर का दरवाजा खोला तो उनकी मां का शव फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। बेटियों ने तत्काल पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के पति रामकुमार साहू ने बताया कि शुक्रवार रात उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय वह सामान्य थी। शनिवार सुबह उसे पत्नी की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद वह दोपहर करीब 12 बजे करौंदी पहुंचा।
पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
- Gमहिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। बहरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं। थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
