सीधी शहर के रामगढ़ चौराहे पर अज्ञात बाइक की टक्कर से व्यक्ति घायल, आस-पास के लोगो ने पहुंचाया जिलाअस्पताल

सीधी। शहर के रामगढ़ चौराहे पर शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे घूम रहे व्यक्ति को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल को सड़क से हटाकर पास की एक दुकान के समीप सुरक्षित स्थान पर लिटाया और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने घायल की पहचान मड़रिया निवासी मेवालाल वर्मा के रूप में बताई है। लोगों के अनुसार, मेवालाल अक्सर शराब के नशे में रामगढ़ चौराहे के आसपास दिखाई देते हैं। शनिवार सुबह भी उनके नशे की हालत में सड़क के आसपास घूमने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद घायल को सिर में लगी चोट का तत्काल पूरी तरह एहसास नहीं हो रहा था। इसके बावजूद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा।
जिला अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अरविंद सोनी ने बताया कि शराब के नशे की हालत में एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं और सिर में भी चोट आई है। फिलहाल उसे प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सक के अनुसार, घायल के परिजनों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस को भी सूचना दी गई है।
हादसे के बाद पुलिस अज्ञात बाइक सवार की जानकारी जुटाने में लगी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक सवार की पहचान किए जाने की संभावना है।
