जन विश्वास अभियान के तहत रामपुर नैकिन पहुंचे IG और DIGआमजन से किया सीधा संवाद, शिकायतें सुनीं; साइबर अपराध से बचाव की दिलाई शपथ

सीधी जिले के रामपुर नैकिन मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जन विश्वास अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान शुक्रवार को रामपुर नैकिन पहुंचे। सामुदायिक भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी भी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधे संवाद कर पुलिस से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि जनसंवाद पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण करना नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।

साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान आईजी एवं डीआईजी ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने सहित साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों को साइबर जागरूकता की शपथ दिलाई गई और किसी भी साइबर घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने हितग्राहियों से बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली तथा पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

थाना रामपुर नैकिन का किया आकस्मिक निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद आईजी गौरव राजपूत एवं डीआईजी हेमंत चौहान ने थाना रामपुर नैकिन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस रिकॉर्ड सहित अपराध एवं गुम इंसान से संबंधित अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामीली के निर्देश दिए। डीआईजी हेमंत चौहान ने विवेचनाओं की नियमित समीक्षा, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, बीट प्रणाली को मजबूत करने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, टीम भावना, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
