भोपाल में दतिया की RTO इंस्पेक्टर की हत्या, दोस्त का शव पेड़ से लटका मिला,सिर पर हथौड़े से वार के निशान, शव के पास मिला खून से सना हथौड़ा; शादी को लेकर विवाद की आशंका

भोपाल। राजधानी भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी में दतिया की RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (35) का शव उनके दोस्त पवन कुमार द्विवेदी (35) के मकान में मिलने से सनसनी फैल गई। मीनाक्षी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शव के पास ही खून से सना हथौड़ा बरामद हुआ। वहीं, मकान से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर पवन का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को हत्या के बाद आत्महत्या से जोड़कर देख रही है।
खजूरी सड़क थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस को आशंका है कि रविवार देर रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार किया होगा। पुलिस का अनुमान है कि वारदात के बाद पवन ने मकान से करीब 20 मीटर दूर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

आंगन में हत्या के बाद कमरे में घसीटकर ले जाने का अनुमान
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मीनाक्षी की हत्या मकान के आंगन में की गई। इसके बाद शव को घसीटकर घर के पहले कमरे में लाया गया और कमरे को बाहर से लॉक कर दिया गया। घटनास्थल का पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया। FSL टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम की स्थिति अधिक स्पष्ट होगी।
सहेली और बेटी के साथ पहुंची थीं भोपाल
मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी करीब दस साल पुरानी सहेली कृतिका और तीन साल की बेटी के साथ भोपाल पहुंची थीं। कृतिका मीनाक्षी के घर के पड़ोस में रहती हैं। रात में कृतिका मीनाक्षी की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सो गई थीं। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जागने पर उन्होंने बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दो साल पहले पति से हुआ था तलाक
एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक के मुताबिक, मीनाक्षी का करीब दो साल पहले पति से तलाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में हुई थी। उस समय मीनाक्षी अविवाहित थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था और भोपाल के एक निजी संस्थान से LLB की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस को पवन की जेब से बैंक पासबुक भी मिली है। मीनाक्षी के पिता नंदराम गोखले ने बताया कि परिवार पवन को जानता था और दोनों के बीच अंतरजातीय विवाह की चर्चा के चलते परिवार पवन के परिजनों से बातचीत करना चाहता था।

14 सितंबर को छुट्टी लेकर पहुंची थीं इंदौर
मीनाक्षी 14 सितंबर को विभाग से तीन दिन की छुट्टी लेकर इंदौर स्थित मायके पहुंची थीं। 17 सितंबर को उन्होंने छुट्टी आगे बढ़वाई। उन्होंने अपनी सहेली कृतिका को बताया था कि विभागीय पेशी के सिलसिले में जबलपुर हाईकोर्ट जाना है। इसके बाद कृतिका भी उनके साथ चली गईं।
कटनी से लौटते समय भोपाल में रुकीं
17 सितंबर की शाम दोनों इंदौर से रवाना हुईं और पेशी के बाद कटनी स्थित कृतिका के मायके पहुंचीं। वहां एक दिन रुकने के बाद दोनों को इंदौर लौटना था। इसी दौरान मीनाक्षी ने कृतिका को बताया कि भोपाल में उनका एक दोस्त रहता है और उनके कुछ कपड़े उसके कमरे पर रखे हुए हैं। इसके बाद रविवार रात दोनों भोपाल पहुंचीं।
मीनाक्षी अपनी बेटी और सहेली कृतिका के साथ पवन के मकान पर पहुंचीं। इसी मकान में बाद में मीनाक्षी का शव मिला। पुलिस ने मामले में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट के बाद घटना की परिस्थितियां और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
